8 MLC सीटों पर चुनाव, NDA की बैठक में सम्राट चौधरी का सख्त संदेश—विरोध करने वालों पर होगी कार्रवाई
बिहार MLC की 8 सीटों पर 23 अक्टूबर को चुनाव होना है। चुनाव से पहले जदयू और रालोमा में बगावत है, जिसने NDA की चिंता बढ़ा दी है। इसको लेकर शुक्रवार की शाम मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में NDA विधानमंडल की बैठक हुई। बैठक में MLC चुनाव को लेकर रणनीति तैयार की गई। सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि MLC की आठ के आठ सीट जीतना है। इसको लेकर सभी नेता अपने-अपने क्षेत्र में आज से अभी से लग जाइए। वहीं, जो एनडीए के विरोध में प्रचार करेंगे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सीएम ने सभी दल के बड़े नेता ने अनुरोध करते हुए कहा कि सब लोग मिलजुल कर कम कीजिए।
बैठक से बाहर निकलने के बाद जदयू विधायक अनंत सिंह ने कहा कि चुनाव को लेकर कोई बात नहीं हुई है। हम अनुज कुमार का समर्थन करेंगे । वहीं, विधायक विष्णुदेव पासवान ने कहा कि चुनाव के लिए सदस्य चुने गए हैं। एनडीए के सारे विधायक एक साथ हैं। अनंत सिंह ने क्या कहा, मुझे जानकारी नहीं है। बीजेपी MLC अनामिका सिंह ने कहा कि बैठक में विकास कार्यों को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा कोई बात नहीं हुई है। अनंत सिंह ने मीटिंग में जाने से पहले कहा, 'NDA में कोई नाराजगी नहीं है। चुनाव में अनुज को सपोर्ट कर रहे हैं। नीरज ने मेरा विरोध किया था, हम उसका विरोध कर रहे है। मंत्री राम कृपाल यादव कहा कि NDA पत्थर की तरह एकजुट है। छेनी और हथौड़ी से भी कोई मरेगा तो वही टूट जाएगा।
MLC की सभी सीटों पर NDA की जीत होगी- नीरज कुमार
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से NDA प्रत्याशी नीरज कुमार ने कहा कि बैठक में उपस्थित सभी विधायकों और सांसदों से आह्वान किया गया है। NDA सभी MLC सीटों पर जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि अगर कोई गठबंधन के खिलाफ काम करेगा, तो नेतृत्व इस पर विचार करेगा। जनसुराज पर निशाना साधते हुए नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर को अपनी जुबान पर लगाम लगाने की नसीहत दी। उन्होंने कहा, 'नीतीश का नमक खाया है आपने। दिल-दिमाग ठीक रखें।' नीरज कुमार ने प्रशांत किशोर पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने एक मुकदमा किया था। कंपनी में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए उन्होंने 14 करोड़ रुपये का हिसाब देने की मांग की। उन्होंने 14 कंपनियों में फर्जीवाड़े का भी आरोप लगाया।
JDU के नीरज कुमार के सामने अपनों की चुनौती
8 सीटों पर MLC का चुनाव हो रहा है। जिसमें 4 सीटों पर JDU लड़ रही है। पटना स्नातक सीट से तीन बार एमएलसी रहे नीरज कुमार को पार्टी ने फिर से प्रत्याशी बनाया है, लेकिन उन्ही की पार्टी के विधायक उनका विरोध कर रहे हैं। जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के लिए लगातार रोड शो कर रहे हैं। अनंत सिंह की बगावत से गठबंधन के भीतर चुनावी समीकरण को लेकर चुनौती बढ़ गई है।
अब जानिए अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच क्यों बढ़ा विवाद?
JDU विधायक अनंत सिंह और पटना स्नातक सीट से पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के बीच विवाद खत्म नहीं हो रहा है। अनंत सिंह खुलकर नीरज कुमार के विरोध में उतर चुके हैं।
जनसुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। रोड शो के दौरान कहा, ’अनुज सिंह जीतेंगे। सभी की जमानत जब्त कराऊंगा।’ अनंत सिंह के इस रुख से JDU के भीतर विवाद गहरा गया है। पटना स्नातक सीट पर पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें मनाने की कोशिश की थी, लेकिन अनंत सिंह ने अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार जारी रखा।