रणजी ट्रॉफी में लौटेंगे सूर्यकुमार यादव, मुंबई के लिए खेलेंगे पहला मैच

Oct 5, 2026 - 17:00
रणजी ट्रॉफी में लौटेंगे सूर्यकुमार यादव, मुंबई के लिए खेलेंगे पहला मैच

भारत के पूर्व T20 कप्तान सूर्यकुमार यादव 2026-27 रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलने के लिए उपलब्ध हैं। वह चंडीगढ़ के खिलाफ मुंबई के शुरुआती एलीट ग्रुप D मैच में खेल सकते हैं। यह मुकाबला 11 अक्टूबर से मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा। सूर्यकुमार ने आखिरी बार 2026 IPL के दौरान कोई कॉम्पिटिटिव मैच खेला था। वहीं, मुंबई के पूर्व कप्तान शार्दुल ठाकुर हाथ में चोट के कारण शुरुआती कुछ मैचों में नहीं खेल पाएंगे। उनकी गैर-मौजूदगी में तुषार देशपांडे मुंबई के पेस अटैक की कमान संभालेंगे।

पिछले साल खेला था आखिरी रणजी मैच

सूर्यकुमार ने मुंबई के लिए अपना आखिरी रणजी मैच फरवरी 2025 में नागपुर में विदर्भ के खिलाफ खेला था। मिली जानकारी के मुताबिक, उन्होंने घरेलू रेड-बॉल टूर्नामेंट के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) के एक सूत्र ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया, "सूर्या ने MCA अध्यक्ष अजिंक्य नाइक को आगामी रणजी ट्रॉफी के लिए अपनी उपलब्धता की पुष्टि कर दी है।" सूर्यकुमार ने अब तक 86 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं और 5,758 रन बनाए हैं। 144 पारियों में उन्होंने 14 शतक और 30 अर्धशतक लगाए हैं और उनका बैटिंग औसत 42.33 रहा है।

वर्ल्ड कप जीत के बाद टीम से बाहर हुए सूर्या

2026 T20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद, सिलेक्शन कमिटी ने उन्हें कप्तानी से हटा दिया और श्रेयस अय्यर को नया कप्तान बनाया। उन्हें आयरलैंड, इंग्लैंड, ज़िम्बाब्वे, अफ़गानिस्तान या जापान के खिलाफ सीरीज़ के लिए टीम में शामिल नहीं किया गया था। सेलेक्टर्स ने इसके पीछे उनकी खराब फॉर्म का कारण बताया था।

शार्दुल के हाथ में चोट

शार्दुल के बारे में MCA के एक सूत्र ने बताया कि उनके हाथ में चोट तब लगी जब आयुष म्हात्रे का मारा हुआ एक शॉट उनके हाथ पर लगा। इस चोट के कारण वह कुछ मैचों से बाहर रह सकते हैं। पिछले सीज़न में 13 विकेट लिए

नए सीज़न से पहले शार्दुल का न होना मुंबई के लिए एक बड़ा झटका है. जो रणजी ट्रॉफ़ी के इतिहास की सबसे सफल टीम है। 34 साल के शार्दुल ने पिछले सीज़न में मुंबई के लिए छह मैच खेले, जिसमें उन्होंने 13 विकेट लिए और आठ पारियों में 130 रन बनाए।

शार्दुल का आखिरी कॉम्पिटिटिव मैच वेस्ट ज़ोन और नॉर्थ ज़ोन के बीच दिलीप ट्रॉफ़ी का क्वार्टर-फ़ाइनल था, जो BCCI के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस में खेला गया था। उस मैच की दोनों पारियों में वे सिर्फ़ एक विकेट ही ले पाए थे।