6 अक्टूबर से महंगी होगी IndiGo की उड़ान, जानिए कितना बढ़ेगा किराया

Oct 5, 2026 - 16:51
6 अक्टूबर से महंगी होगी IndiGo की उड़ान, जानिए कितना बढ़ेगा किराया

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन, इंडिगो की उड़ानें मंगलवार से महंगी हो जाएंगी। एयरलाइन ने घरेलू उड़ानों पर ₹1,300 तक और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ₹10,000 तक का अतिरिक्त फ्यूल चार्ज लगाने का ऐलान किया है। नई दरें 6 अक्टूबर को रात 12:01 बजे से लागू होंगी। यह छह महीनों में तीसरी बार है जब इंडिगो ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया है. एयरलाइन ने इससे पहले इस साल 14 मार्च और 1 अप्रैल को किराया बढ़ाया था। एयरलाइन के मुताबिक, यह फैसला एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) या जेट फ्यूल की बढ़ती कीमत की वजह से लिया गया है।

1 अक्टूबर से जेट फ्यूल की कीमत में ₹16 की बढ़ोतरी

कंपनी ने किराया बढ़ाने का फैसला इसलिए किया क्योंकि विमानों में इस्तेमाल होने वाला फ्यूल महंगा हो गया है। 1 अक्टूबर से घरेलू एयरलाइंस के लिए कीमत ₹121 से बढ़कर ₹137 हो गई है। यह ATF की कीमत में प्रति लीटर ₹16 (लगभग 13.2%) की बढ़ोतरी है।

तीन महीनों में जेट फ्यूल की कीमत में ₹27.28 की बढ़ोतरी

अगस्त 2026: ₹5/लीटर
सितंबर 2026: ₹6.28/लीटर
अक्टूबर 2026: ₹16/लीटर
इंडिगो के मुताबिक, अकेले पिछले महीने में जेट फ्यूल की कीमतों में 14% से ज़्यादा की बढ़ोतरी हुई है। नतीजतन, विमानों में इस्तेमाल होने वाला फ्यूल पिछले दशक में अपनी सबसे ऊंची कीमत पर पहुंच गया है।

जेट फ्यूल एयरलाइंस के लिए सबसे बड़ा खर्च है

जेट फ्यूल की बढ़ती कीमतों के कारण, दुनिया भर की एयरलाइंस ने न केवल टिकट के दाम बढ़ाए हैं, बल्कि अपने भविष्य के वित्तीय अनुमान भी वापस ले लिए हैं। जेट फ्यूल एयरलाइंस के लिए सबसे बड़ा खर्च है, जो कुल ऑपरेटिंग लागत का 30% से 40% हिस्सा होता है। तेल की कीमतों में इस अचानक बदलाव ने एयरलाइंस के बजट को बिगाड़ दिया है। एयर न्यूजीलैंड और क्वांटास जैसी बड़ी एयरलाइंस ने भी साफ कर दिया है कि वे बढ़ी हुई लागत का बोझ यात्रियों पर डालेंगी।