ललन सिंह से बात के 48 घंटे बाद अनंत सिंह का बड़ा फैसला!

Oct 7, 2026 - 15:12
ललन सिंह से बात के 48 घंटे बाद अनंत सिंह का बड़ा फैसला!

जदयू विधायक अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच चल रहा विवाद खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है। ललन सिंह ने 5 अक्टूबर को कहा था, उनकी अनंत सिंह से बात हो गई है। अब वो इस विवाद को लेकर कोई सार्वजिनक बयान नहीं देंगे। 48 घंटे बाद ही अनंत सिंह ने पीके के कैंडिडेट अनुज सिंह को जिताने की अपील की है। अनुज सिंह की जीत पक्की करने के लिए अनंत सिंह ने आज पटना से बख्तियारपुर तक रोड शो किया हैं। आज अनंत सिंह ने फतुहा में जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज कुमार सिंह के समर्थन में एक रोड शो किया। यह रोड शो महारानी चौक से शुरू होकर चौराहा होते हुए दरियापुर से आगे बढ़ा और बख्तियारपुर में खत्म हुआ। इस दौरान रास्ते में कई जगहों पर उनका जोरदार स्वागत हुआ। उनके साथ भारी संख्या में समर्थक मौजूद रहे। उन्होंने कहा, ‘आप लोग जब भी बुलाएंगे, हम हमेशा हाजिर रहेंगे।’

नीतीश के घर पर फिर हुई बैठक

एमएलसी चुनाव को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के घर पर आज फिर से बैठक हुई। मीटिंग में संजय झा, प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा, मंत्री श्रवण कुमार और एमएलसी संजय गांधी मौजूद रहे। बताया जाता है कि इस मीटिंग में भी अनंत-नीरज विवाद को लेकर एक बार फिर से चर्चा हुई। बताया जाता है कि इससे पहले 2 बार पहले भी मीटिंग हो चुकी है।


जनसुराज प्रत्याशी के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं अनंत सिंह

अनंत सिंह के इस रुख को लेकर जदयू में पिछले कई दिनों से अंदरूनी घमासान चल रहा है। पटना स्नातक सीट से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के खिलाफ अनंत सिंह खुलकर मोर्चा ले चुके हैं। वो अनुज के नामांकन में भी शामिल हुए थे और रोड शो भी किया था। वह नीरज कुमार की जगह जनसुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं। विवाद को खत्म कराने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री और जदयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह को दी गई थी।

ललन सिंह ने अनंत से की थी बात

5 अक्टूबर को ललन सिंह ने अनंत सिंह से बातचीत के बाद कहा था कि अनंत सिंह की कुछ शिकायतें हैं। अनंत का कहना था कि जब वह विधानसभा चुनाव लड़ रहे थे, तब उनके खिलाफ प्रचार किया गया, लेकिन पार्टी की ओर से उस समय कोई कार्रवाई नहीं की गई। ललन सिंह ने माना था कि उस समय प्रदेश इकाई से चूक हुई थी।

संजय झा बोले- ललन सिंह ने पार्टी के हित में काम किया

ललन सिंह के बयान पर जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा था कि ललन सिंह ने जो किया, वह पार्टी के हित में किया है। उन्होंने इस मामले पर फिलहाल इतना ही कहने की बात कही थी।

अनंत -नीरज विवाद में अबतक क्या क्या हुआ

  • 7 सितंबर को अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच एक बार सुलह कराने की कोशिश पार्टी के नेताओं ने की थी, लेकिन बात नहीं बनी।
  • इसके बाद 2 अक्टूबर को पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि यह मामला केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह के एरिया का है। वही इस मामले को देखेंगे।
  • 5 अक्टूबर को JDU अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ललन सिंह से पटना स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच करीब 20 मिनट तक वन टू वन बातचीत हुई।
  • इस मुलाकात के बाद ललन सिंह दिल्ली रवाना हो गए। दिल्ली जाते वक्त पटना एयरपोर्ट पर ललन सिंह ने कहा, ‘मैंने अनंत सिंह से बात की है। उनकी कुछ शिकायतें हैं। उनका (अनंत सिंह) कहना है कि जब वो चुनाव लड़े तो कई तरह का दुष्प्रचार किया गया।
  • कोई क्रिया होगी तो प्रतिक्रिया तो होगी ही। ताली दोनों हाथों से बजती है। उस वक्त पार्टी को कार्रवाई करनी चाहिए थी। प्रदेश इकाई से चूक हुई।
  • अनंत सिंह ने मुझसे कहा है कि जिसने मेरे लिए वोट नहीं मांगा था, मैं उसके लिए वोट नहीं मांगूंगा। मोकामा विधायक पार्टी के साथ थे, हैं और रहेंगे।’
  • केंद्रीय मंत्री ललन सिंह के इस बयान के बाद नीतीश कुमार के सरकारी आवास 7, सर्कुलर रोड में संजय झा, डिप्टी CM विजय चौधरी और बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी पहुंचे। नीतीश कुमार ने तीनों नेताओं के साथ बंद कमरे में करीब 30 मिनट तक बैठक की।
  • 6 अक्टूबर को संजय झा और विजय चौधरी का बयान आया कि ललन सिंह ने पार्टी के हित में बेहतर काम किया है।
  • 7 अक्टूबर को नीतीश कुमार के आवास पर एमएलसी चुनाव को लेकर बैठक हुई। इस मीटिंग में अनंत-नीरज विवाद को लेकर भी चर्चा हुई।