BJP नेता रमेश यादव के फार्म हाउस में बड़ी लूट, 12 लाख कैश और सोने के गहने लेकर फरार हुए बदमाश

Oct 13, 2026 - 16:09
BJP नेता रमेश यादव के फार्म हाउस में बड़ी लूट, 12 लाख कैश और सोने के गहने लेकर फरार हुए बदमाश
कानपुर में BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री रमेश यादव के हाथ-पैर बांधकर 12 लाख रुपए लूट लिए गए। सोमवार आधी रात नकाबपोश बदमाश रमेश यादव के फार्म हाउस में घुसे। उन्हें बंधक बनाकर लूटपाट की, फिर बाथरूम में बंद करके भाग गए। वारदात शहर से 20 किलोमीटर दूर सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में हुई। रमेश 1 अक्टूबर को BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बने थे। सोमवार को लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद वह रात 12:30 बजे कानपुर पहुंचे। घर से 500 मीटर दूर अपने फार्म हाउस में अकेले रुके थे। वहां 4 गार्ड तैनात थे। रात 1:20 बजे पुलिस को लूट की सूचना दी गई। एडिशन पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा और DCP दीपेंद्रनाथ चौधरी फोर्स के साथ पहुंचे। जांच में फार्म हाउस में घुसते हुए बदमाशों का CCTV फुटेज नहीं मिला। हालांकि, भागते समय 2 बदमाश कैमरे में कैद हुए हैं। दोनों वॉशबेसिन पर पैर रखकर टीन शेड के ऊपर से कूदकर भागे। दोनों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे। रमेश 2 बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं। उनकी पत्नी शशि भी ब्लॉक प्रमुख रही हैं। उन्होंने 2022 में बसपा के टिकट पर बिठूर सीट से विधानसभा चुनाव लड़ा था।
प्रदेश मंत्री बोले- बदमाशों ने घर में घुसते ही सीने पर तमंचा लगाया

रमेश यादव ने बताया- मेरे नौकर अभय राजपूत ने मुझे खाना खिलाया। इसके बाद करीब पौने 11 बजे वह सोने चला गया। उसके जाने के 15 मिनट बाद ही 2 बदमाश आए और मेरे सीने पर तमंचा लगा दिया। एक बदमाश के हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। बदमाशों ने मुझसे कहा कि हम लोग बहुत परेशान हैं। हमें 2 करोड़ रुपए चाहिए। आपको मारने नहीं आए हैं। इस पर मैंने उनसे कहा कि फोन करने दो, तो रुपए मंगा देते हैं। बदमाशों ने कहा कि हम जानते हैं, तुम गार्ड बलराम को फोन करोगे। यहां जितने रुपए हैं, हमें दे दो। इसके बाद वो लोग मुझे अंदर कमरे में ले गए। वहां लॉकर में रखे 12 लाख रुपए ले लिए। मेरी सोने की चेन, अंगूठी और रॉडो की घड़ी भी छीन ली। इसके बाद मेरे दोनों हाथ-पैर बांध दिए और मुझे बाथरूम में बंद कर दिया। उन्हें पता था कि मुझे पसीना आता है, इसलिए मुझे तौलिया और पानी की बोतल दे गए। मेरे मुंह पर भी रगड़ आ गई है। भागते समय बदमाशों ने मुझसे कहा कि इतना कसकर बांधा है कि 15 मिनट बाद ही खोल पाओगे। बदमाश करीब 37 मिनट तक फर्म हाउस में रहे। उनके जाने के बाद मैंने किसी तरह से सेलो टेप हटाया और गार्ड को कॉल किया। गार्ड अंदर पहुंचे और मुझे बाथरूम से बाहर निकाला।
डॉग स्क्वॉयड और फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य

वारदात के बाद मौके पर पहुंचे डॉग स्क्वॉयड ने घटनास्थल पर जांच की। डॉग स्क्वॉयड सबसे पहले फार्म हाउस में बने गार्डन की ओर गया। फिर उस कमरे में गया, जहां पर रमेश यादव को बंधक बनाया गया था। इसके बाद वह बाउंड्री वॉल के पीछे के खेत तक गया। पुलिस अनुमान लगा रही कि चोर पीछे के रास्ते से भागे हैं।
एडिशनल CP विपिन टाडा ने बाइक से घटनास्थल देखा

एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाइक पर बैठकर पुलिसकर्मियों के साथ भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस जांच में सामने आया कि नकाबपोश दोनों बदमाश फार्म हाउस के चप्पे-चप्पे को अच्छी तरह जानते थे। इससे पुलिस फार्म हाउस में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के साथ कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। कहा जा रहा है कि पुलिस को बदमाशों की लोकेशन मिल चुकी है।
पेड़ में रगड़ के निशान, फार्म हाउस में पीछे से घुसे बदमाश

फार्म हाउस में बने कमरे से सटा हुआ एक पेड़ लगा है। पेड़ पर जूते के रगड़ के निशान बने हैं। कहा जा रहा है कि बदमाश पेड़ के सहारे आए होंगे। फिर लूट की घटना को अंजाम देने के बाद वापस वॉशबेसिन में चढ़कर टीन शेड के रास्ते से कूदकर भाग निकले।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- "रमेश यादव से 12 लाख की लूट की जानकारी आई है। 8 टीमें जांच कर रही हैं। 2 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।"
फार्म हाउस में 50 CCTV लगे हैं

रमेश यादव का फार्म हाउस 4 बीघे में बना है। बाउंड्री वॉल 10 फीट ऊंची है। ऊपर 2 फीट के कंटीले तार लगे हैं। फार्म हाउस में 50 CCTV लगे हैं।