BJP नेता रमेश यादव के फार्म हाउस में बड़ी लूट, 12 लाख कैश और सोने के गहने लेकर फरार हुए बदमाश
रमेश यादव ने बताया- मेरे नौकर अभय राजपूत ने मुझे खाना खिलाया। इसके बाद करीब पौने 11 बजे वह सोने चला गया। उसके जाने के 15 मिनट बाद ही 2 बदमाश आए और मेरे सीने पर तमंचा लगा दिया। एक बदमाश के हाथ में पेट्रोल की बोतल थी। बदमाशों ने मुझसे कहा कि हम लोग बहुत परेशान हैं। हमें 2 करोड़ रुपए चाहिए। आपको मारने नहीं आए हैं। इस पर मैंने उनसे कहा कि फोन करने दो, तो रुपए मंगा देते हैं। बदमाशों ने कहा कि हम जानते हैं, तुम गार्ड बलराम को फोन करोगे। यहां जितने रुपए हैं, हमें दे दो। इसके बाद वो लोग मुझे अंदर कमरे में ले गए। वहां लॉकर में रखे 12 लाख रुपए ले लिए। मेरी सोने की चेन, अंगूठी और रॉडो की घड़ी भी छीन ली। इसके बाद मेरे दोनों हाथ-पैर बांध दिए और मुझे बाथरूम में बंद कर दिया। उन्हें पता था कि मुझे पसीना आता है, इसलिए मुझे तौलिया और पानी की बोतल दे गए। मेरे मुंह पर भी रगड़ आ गई है। भागते समय बदमाशों ने मुझसे कहा कि इतना कसकर बांधा है कि 15 मिनट बाद ही खोल पाओगे। बदमाश करीब 37 मिनट तक फर्म हाउस में रहे। उनके जाने के बाद मैंने किसी तरह से सेलो टेप हटाया और गार्ड को कॉल किया। गार्ड अंदर पहुंचे और मुझे बाथरूम से बाहर निकाला।
वारदात के बाद मौके पर पहुंचे डॉग स्क्वॉयड ने घटनास्थल पर जांच की। डॉग स्क्वॉयड सबसे पहले फार्म हाउस में बने गार्डन की ओर गया। फिर उस कमरे में गया, जहां पर रमेश यादव को बंधक बनाया गया था। इसके बाद वह बाउंड्री वॉल के पीछे के खेत तक गया। पुलिस अनुमान लगा रही कि चोर पीछे के रास्ते से भागे हैं।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर विपिन ताडा मौके पर पहुंचे। उन्होंने बाइक पर बैठकर पुलिसकर्मियों के साथ भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस जांच में सामने आया कि नकाबपोश दोनों बदमाश फार्म हाउस के चप्पे-चप्पे को अच्छी तरह जानते थे। इससे पुलिस फार्म हाउस में आने-जाने वाले लोगों की जानकारी जुटाने के साथ कुछ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है। कहा जा रहा है कि पुलिस को बदमाशों की लोकेशन मिल चुकी है।
फार्म हाउस में बने कमरे से सटा हुआ एक पेड़ लगा है। पेड़ पर जूते के रगड़ के निशान बने हैं। कहा जा रहा है कि बदमाश पेड़ के सहारे आए होंगे। फिर लूट की घटना को अंजाम देने के बाद वापस वॉशबेसिन में चढ़कर टीन शेड के रास्ते से कूदकर भाग निकले।
पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बताया- "रमेश यादव से 12 लाख की लूट की जानकारी आई है। 8 टीमें जांच कर रही हैं। 2 संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। जल्द पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।"
रमेश यादव का फार्म हाउस 4 बीघे में बना है। बाउंड्री वॉल 10 फीट ऊंची है। ऊपर 2 फीट के कंटीले तार लगे हैं। फार्म हाउस में 50 CCTV लगे हैं।